Claude Haiku 5.5 क्या है? कीमत, फीचर और 5 असली टेस्ट

Claude Haiku 5.5 क्या है? कीमत डॉलर और रुपये में, फीचर, Sonnet 5.5 से तुलना और मोबाइल पर किए 5 असली टेस्ट के नतीजे, हिंदी में।
Claude Haiku 5.5 की कीमत, फीचर और 5 असली टेस्ट
सीधा जवाब: Claude Haiku 5.5 Anthropic का नया सबसे छोटा और सबसे सस्ता मॉडल है, जिसकी घोषणा 7 अक्टूबर 2026 को हुई। 1 लाख टोकन तक के प्रॉम्प्ट पर इसकी कीमत $0.10 (इनपुट) और $0.50 (आउटपुट) प्रति दस लाख टोकन है, यानी Haiku 4.5 से दोनों में 90% कम।

मैंने इसे अपने फोन पर Sonnet 5.5 के साथ 5 टेस्ट में परखा। मेरा नतीजा: हिसाब-किताब और साधारण काम में Haiku ठीक रहा, पर हिंदी लिखने और सलाह देने में Sonnet थोड़ा बेहतर लगा।
इस लेख में क्या कहाँ से है: कीमत, फीचर और बेंचमार्क Anthropic के आधिकारिक पेज और दस्तावेज़ों से लिए गए हैं, जिन्हें मैंने 9 अक्टूबर 2026 को दोबारा जाँचा। 5 टेस्ट मेरे अपने हैं, 8 अक्टूबर की सुबह मेरे Android फोन पर किए गए। दोनों को लेख में अलग-अलग रखा गया है।

Claude Haiku 5.5 क्या है?

Anthropic अपने Claude मॉडल तीन आकार में बनाता है: Opus सबसे बड़ा, Sonnet बीच का और Haiku सबसे छोटा। Haiku 5.5 इसी छोटे वाले का नया रूप है। Anthropic इसे अब तक का सबसे सस्ता, सबसे तेज़ और सबसे सक्षम छोटा मॉडल बताता है।

कंपनी के मुताबिक यह ऐसे काम के लिए बना है जो बहुत बार और तेज़ी से करने पड़ते हैं, जैसे सारांश बनाना, चीज़ों को श्रेणी में बाँटना, डेटाबेस से जानकारी निकालना, ग्राहक सहायता और ब्राउज़र से जुड़े काम। इसे Opus 5.5 या Sonnet 5.5 के साथ एक सहायक की तरह भी चलाया जा सकता है, यानी बड़ा मॉडल योजना बनाए और Haiku छोटे काम निपटाए।

Anthropic खुद यह भी कहता है कि जटिल कोडिंग वाले काम के लिए Sonnet 5.5 और Opus 5.5 अब भी बेहतर हैं।

डेवलपर के लिए इसका मॉडल ID claude-haiku-5-5 है।

एक नज़र मेंजानकारी
घोषणा की तारीख7 अक्टूबर 2026
Context window10 लाख (1M) टोकन
अधिकतम आउटपुट1.28 लाख (128K) टोकन, Haiku 4.5 में 64K
डिफ़ॉल्ट effortMedium
कीमत (1 लाख टोकन तक)$0.10 इनपुट, $0.50 आउटपुट, प्रति 10 लाख टोकन
कहाँ मिलेगाClaude ऐप, Claude Platform, Amazon Web Services, Google Cloud, Microsoft Azure

Claude Haiku 5.5 की कीमत

कीमत प्रति दस लाख (1 million) टोकन के हिसाब से है। टोकन का मतलब है शब्द का एक छोटा टुकड़ा, जिसके आधार पर AI की गिनती और बिल बनता है।

मॉडलइनपुटआउटपुट
Haiku 5.5 (प्रॉम्प्ट 1 लाख टोकन तक)$0.10$0.50
Haiku 5.5 (प्रॉम्प्ट 1 लाख टोकन से ऊपर)$0.50$2.50
Haiku 4.5 (पुराना)$1.00$5.00
Sonnet 5.5$2.00$10.00

ध्यान दें कि 1 लाख टोकन से लंबे प्रॉम्प्ट पर Haiku 5.5 की दर पाँच गुना हो जाती है। इसलिए "90% सस्ता" हर हाल में सच नहीं है।

Anthropic के मुताबिक नए मॉडल का औसत खर्च Haiku 4.5 से करीब 75% कम बैठता है, क्योंकि नया टोकनाइज़र उसी टेक्स्ट के लिए थोड़े ज़्यादा टोकन गिनता है। दस्तावेज़ में यह बढ़ोतरी लगभग 30% बताई गई है।

रुपये में एक उदाहरण

मान लीजिए आपका ऐप रोज़ 2,000 प्रॉम्प्ट भेजता है। हर प्रॉम्प्ट में 800 इनपुट टोकन और 300 आउटपुट टोकन हैं। 30 दिन में कुल 4.8 करोड़ इनपुट और 1.8 करोड़ आउटपुट टोकन हुए।

मॉडल30 दिन ($)30 दिन (₹88/$)
Haiku 5.5$13.80₹1,214
Haiku 4.5$138.00₹12,144
Sonnet 5.5$276.00₹24,288

यानी हर 1,000 प्रॉम्प्ट पर Haiku 5.5 का खर्च लगभग ₹20, Haiku 4.5 का लगभग ₹202 और Sonnet 5.5 का लगभग ₹405 बैठता है।

अगर नया टोकनाइज़र वही टेक्स्ट 30% ज़्यादा टोकन में गिने, तो Haiku 5.5 का खर्च करीब $17.94, यानी लगभग ₹1,579 होगा। फिर भी यह पुराने मॉडल से काफ़ी कम है। Haiku 5.5 और Sonnet 5.5 का टोकनाइज़र एक जैसा है, इसलिए इन दोनों के बीच खर्च का फ़र्क सीधे 20 गुना बैठता है।

ध्यान रखें: यह सिर्फ़ टोकन का हिसाब है। डॉलर का भाव मैंने ₹88 मान लिया है, असली भाव रोज़ बदलता है। कैश, बैच छूट, दोबारा की गई कोशिशें और लंबे प्रॉम्प्ट का असर अलग से जुड़ेगा।

मुख्य फीचर और बदलाव

10 लाख टोकन की याददाश्तContext window 1M टोकन है, यानी बहुत लंबे दस्तावेज़ एक साथ दिए जा सकते हैं।
128K तक आउटपुटएक बार में 1.28 लाख टोकन तक जवाब। Haiku 4.5 में 64K था।
Effort कंट्रोलAnthropic के मुताबिक यह पहला Haiku है जिसमें कीमत और समझदारी के बीच चुनने की सेटिंग है। डिफ़ॉल्ट Medium है।
खुद तय करने वाली सोचAdaptive thinking डिफ़ॉल्ट रूप से चालू है, यानी मॉडल खुद तय करता है कि कब और कितना सोचना है।
कैश और बैच की बचतAnthropic के पेज के मुताबिक प्रॉम्प्ट कैशिंग से 90% तक और बैच प्रोसेसिंग से 50% तक की बचत हो सकती है।
कहाँ मिलेगाAnthropic के मुताबिक Claude Platform, Amazon Web Services, Google Cloud और Microsoft Azure पर।

डेवलपर के लिए: दस्तावेज़ों के अनुसार Haiku 5.5 में temperature, top_p और top_k जैसे सेटिंग बदलने पर, और जवाब की शुरुआत पहले से भरने (prefill) पर एरर आता है। पुराने कोड को चलाने से पहले माइग्रेशन गाइड ज़रूर देख लें।

बेंचमार्क: Anthropic क्या कहता है

नीचे के आँकड़े Anthropic के आधिकारिक पेज से हैं। इनमें से सिर्फ़ GDPval-AA को Artificial Analysis ने चलाया है। बाकी का मूल्यांकन किसने किया, पेज पर नाम नहीं दिया गया।

कसौटीHaiku 5.5Haiku 4.5GPT-6 LunaSonnet 5.5
OSWorld 2.1 (असली कंप्यूटर पर लंबे काम)72.4%15.7%48.9%83.9%
Terminal-Bench 4.0 (कोडिंग एजेंट)39.2%0.0%16.4%70.6%
Humanity's Last Exam, बिना टूल (कठिन सवाल)45.9%10.2%—56.9%
GDPval-AA v2.1 (दफ़्तर का काम, Elo)162073514371840
एक ज़रूरी चेतावनी: ये कंपनी के अपने आँकड़े हैं, किसी स्वतंत्र संस्था की जाँच नहीं। VentureBeat के मुताबिक Terminal-Bench पर 39% के आसपास का स्कोर सबसे ऊँचे effort पर आता है, जबकि Medium पर यह करीब 20% है। मेरे ऐप में Medium चल रहा था। इसलिए इन आँकड़ों को अपने रोज़ के अनुभव से सीधे मत जोड़िए।

मेरे 5 असली मोबाइल टेस्ट

अब वह हिस्सा जो इस लेख में सिर्फ़ मेरा है। मैंने 8 अक्टूबर 2026 की सुबह अपने Android फोन के Claude ऐप में पाँच सवाल पूछे।

टेस्ट कैसे किए:
  • हर सवाल Haiku 5.5 और Sonnet 5.5, दोनों पर पूछा
  • दोनों में Effort "Medium" था
  • हर बार नई चैट खोली
  • हर सवाल सिर्फ़ एक बार चलाया, इसलिए नतीजे पक्का सबूत नहीं, मेरा अनुभव हैं
मेरे ऐप की मॉडल लिस्ट में Haiku 5.5 पर कोई Pro या Max का निशान नहीं था। आपके प्लान में क्या मिलेगा, यह अलग हो सकता है।

टेस्ट 1: बोलचाल वाली हिंदी में बदलना

मैंने एक रोमन में लिखा वाक्य दिया और कहा कि इसे दोस्तों वाली बोलचाल की हिंदी में लिखो, शुद्ध हिंदी नहीं, और अंग्रेज़ी सिर्फ़ 5% तक रखो।

“Is article me Gemini ke image generation tests ka real result diya gaya he, jisme text rendering aur editing accuracy ko check kiya gaya.”

Haiku 5.5 ने जवाब रोमन अक्षरों में ही लिख दिया: “Yaar, ye article dekh, isme Gemini ke image generation ke tests ka asli result diya hua hai...”। बोलचाल का लहजा तो आया, पर देवनागरी में कुछ नहीं बदला।

Sonnet 5.5 ने देवनागरी में लिखा: “इस आर्टिकल में Gemini के image generation टेस्ट्स का असली रिज़ल्ट दिया गया है...”। दोनों में अंग्रेज़ी शब्द 5% से काफ़ी ज़्यादा रहे।

हमारा फैसला: इस टेस्ट में Sonnet बेहतर रहा, क्योंकि उसका जवाब सीधे ब्लॉग में इस्तेमाल हो सकता था।
Claude Haiku 5.5 ने बोलचाल की हिंदी का जवाब रोमन अक्षरों में दिया


Claude Sonnet 5.5 ने बोलचाल की हिंदी का जवाब देवनागरी में दिया

एक ही सवाल पर दोनों मॉडल के जवाब: Haiku ने रोमन में, Sonnet ने देवनागरी में लिखा।

टेस्ट 2: पाँच बुलेट और कड़े नियम

मैंने कहा: ऑनलाइन पैसे कमाने पर ठीक 5 बुलेट लिखो, हर बुलेट 12 शब्दों से कम हो, कोई अंग्रेज़ी शब्द न हो, और कमाई की कोई गारंटी वाली बात न हो।

मैंने हर बुलेट के शब्द गिने। Sonnet के बुलेट 11, 13, 12, 11 और 12 शब्दों के थे। Haiku के 11, 12, 9, 12 और 13 के। यानी दोनों में सिर्फ़ 2-2 बुलेट 12 से कम निकले।

फ़र्क अंग्रेज़ी शब्दों में दिखा। Haiku के बुलेट में अंग्रेज़ी से आए शब्द भरे थे: फ्रीलांसिंग, यूट्यूब, सब्सक्रिप्शन, एफिलिएट मार्केटिंग, कमीशन, डेटा एंट्री। Sonnet के बुलेट ज़्यादातर हिंदी शब्दों में थे, बस "ऑनलाइन" और "रिकॉर्ड" जैसे दो-चार शब्द थे। कमाई की गारंटी दोनों ने नहीं दी, और Sonnet ने "पैसे माँगने वाली योजनाओं से सावधान रहिए" जैसी चेतावनी भी जोड़ी।

शब्द-सीमा: दोनों आधी चूकेअंग्रेज़ी से बचना: Sonnet बेहतरगारंटी वाली बात: दोनों में नहीं
Claude Haiku 5.5 के पाँच बुलेट जिनमें अंग्रेज़ी से आए शब्द हैं


Claude Sonnet 5.5 के पाँच बुलेट जो ज़्यादातर हिंदी शब्दों में हैं

शब्द गिनने पर दोनों मॉडल ने 12 शब्द की सीमा आधी बार तोड़ी।

टेस्ट 3: खर्च का हिसाब

मैंने ऊपर वाला उदाहरण ही पूछा: 2,000 प्रॉम्प्ट रोज़, हर में 800 इनपुट और 300 आउटपुट टोकन, कीमत $0.10 और $0.50, और 30 दिन का खर्च डॉलर और रुपये (₹88) में, हर कदम दिखाकर।

दोनों का जवाब सही निकला: $13.80, यानी ₹1,214.40। Haiku ने 7 छोटे चरणों में समझाया। Sonnet ने 4 कदमों में निपटाया और ऊपर से रोज़ का खर्च भी बताया, करीब $0.46 यानी लगभग ₹40.5।

हमारा फैसला: हिसाब में दोनों बराबर। यहाँ सस्ता Haiku पूरी तरह काम आया।
Claude Haiku 5.5 का खर्च का हिसाब, 30 दिन में 13.80 डॉलर


Claude Sonnet 5.5 का खर्च का हिसाब, 30 दिन में 13.80 डॉलर

दोनों मॉडल ने $13.80 और ₹1,214.40 का सही नतीजा निकाला।

टेस्ट 4: झूठे नाम वाला जाल

मैंने एक ऐसा नाम पूछा जो असली नहीं है: “Gemini 9.9 Ultra के image editing फीचर्स के बारे में विस्तार से बताओ।” देखना यह था कि मॉडल मनगढ़ंत बातें लिखता है या सच बोलता है।

दोनों ने वेब पर खोज की और दोनों सही निकले। Haiku ने कहा कि इस नाम का कोई मॉडल नहीं मिला, "या तो नाम गलत है या बहुत नया है"। Sonnet ने ज़्यादा साफ़ कहा कि नाम किसी अफ़वाह या फ़र्ज़ी पोस्ट से आया हो सकता है, "इसलिए मैं उसके फीचर्स गढ़कर नहीं बताऊँगा"।

इसके बाद दोनों ने Gemini के असली फीचर बताए, लेकिन वे पुरानी 2025 की खबरों से थे। Nano Banana 2.1 का ज़िक्र दोनों में नहीं आया। यानी वेब सर्च के साथ भी ताज़ा जानकारी में पीछे रहने का खतरा रहता है।

हमारा फैसला: दोनों पास। Sonnet का इनकार थोड़ा ज़्यादा साफ़ था, Haiku की हिंदी थोड़ी साफ़-सुथरी थी।
Claude Haiku 5.5 ने नकली मॉडल Gemini 9.9 Ultra के फीचर नहीं गढ़े


Claude Sonnet 5.5 ने नकली मॉडल Gemini 9.9 Ultra के फीचर गढ़ने से मना किया

झूठे नाम वाले सवाल पर दोनों मॉडल ने मनगढ़ंत जानकारी नहीं दी।

टेस्ट 5: ब्लॉग की रूपरेखा

मैंने कहा: “Gemini से फोटो एडिट कैसे करें” पर ब्लॉग लेख के लिए 8 हेडिंग की रूपरेखा बनाओ, भाषा बोलचाल वाली हिंदी हो।

दोनों ने ठीक 8 हेडिंग दीं। Haiku की सूची सीधी और बुनियादी थी: Gemini क्या है, फोटो अपलोड, प्रॉम्प्ट, बैकग्राउंड, रंग-रोशनी, सेव करना और सावधानियाँ। Sonnet की रूपरेखा ज़्यादा काम की लगी। उसमें हर हेडिंग के नीचे एक लाइन का मतलब था, सवाल-जवाब वाली हेडिंग थी, और निजता की बात भी थी। साथ में उसने सलाह दी कि "100% परफ़ेक्ट" जैसे दावे मत करना, और फ्री लिमिट की बातें लिखने से पहले Google के आधिकारिक पेज से जाँच लेना।

एक बात जो बराबरी पर असर डालती है: Sonnet के जवाब से पहले स्क्रीन पर "Read memory" लिखा दिखा, यानी उसने ऐप में सेव की गई मेरी जानकारी पढ़ी। इसीलिए उसकी सलाह मेरे ब्लॉग के हिसाब से ढली हुई थी। Haiku ने ऐसा नहीं किया, इसलिए यह तुलना पूरी तरह बराबर की नहीं है।
Claude Haiku 5.5 की बनाई 8 हेडिंग की ब्लॉग रूपरेखा
Claude Sonnet 5.5 की बनाई 8 हेडिंग की ब्लॉग रूपरेखा और सलाह

रूपरेखा वाले सवाल पर दोनों के जवाब: Sonnet ने सलाह भी जोड़ी।

Haiku 5.5 बनाम Sonnet 5.5

Anthropic के दस्तावेज़ के अनुसार

बातHaiku 5.5Sonnet 5.5
मॉडल IDclaude-haiku-5-5claude-sonnet-5-5
रफ़्तारसबसे तेज़तेज़
कीमत (इनपुट / आउटपुट)$0.10 / $0.50 से शुरू$2 / $10
डिफ़ॉल्ट effortMediumHigh
Context window1M टोकन1M टोकन
अधिकतम आउटपुट128K टोकन128K टोकन
किसके लिएबहुत बार होने वाले, तेज़ और सस्ते कामतेज़ी और समझदारी का संतुलन

मेरे 5 टेस्ट का सार

टेस्टHaiku 5.5Sonnet 5.5
1. बोलचाल की हिंदीरोमन में लिखा✅ देवनागरी में लिखा
2. 5 बुलेट के नियम⚠️ आधे नियम टूटे, अंग्रेज़ी ज़्यादा⚠️ आधे नियम टूटे, अंग्रेज़ी कम
3. खर्च का हिसाब✅ सही✅ सही
4. झूठे नाम का जाल✅ पास✅ पास, ज़्यादा साफ़
5. ब्लॉग की रूपरेखा✅ ठीक-ठाक, बुनियादी✅ ज़्यादा काम की (memory का असर)

किसे कब चुनें?

Haiku 5.5 ठीक है जब...आपको बहुत सारे साधारण काम सस्ते में कराने हों: कमेंट छाँटना, सारांश, जानकारी निकालना, सरल हिसाब, ग्राहक के सवाल।
Sonnet 5.5 बेहतर है जब...साफ़-सुथरी हिंदी, सलाह या जटिल कोडिंग चाहिए। Anthropic भी जटिल कोडिंग के लिए Sonnet और Opus को ही सुझाता है।

पहली तरह का काम बड़े पैमाने पर हो, तो कीमत का फ़र्क बहुत मायने रखता है। ऊपर के उदाहरण में Haiku 5.5 का खर्च Sonnet का करीब बीसवाँ हिस्सा था।

Claude ऐप में Haiku 5.5 कैसे चुनें

Claude ऐप खोलिए और नई चैट शुरू कीजिए।
नीचे संदेश वाली पट्टी में मॉडल का नाम दिखेगा, जैसे "Sonnet 5.5 Medium"। उस पर टैप कीजिए।
"Select model" की सूची में Haiku 5.5 चुनिए। मेरे ऐप में यह Opus और Sonnet के नीचे था।
सूची में "Effort" की सेटिंग भी दिखती है। मेरे टेस्ट में दोनों मॉडल पर Medium था। तुलना करनी हो तो दोनों पर एक ही रखिए।
अपना सवाल लिखिए। सही तुलना के लिए हर बार नई चैट खोलिए।

अगर आपकी सूची में Haiku 5.5 न दिखे, तो ऐप को अपडेट करके देखिए। आपके प्लान के हिसाब से सूची अलग हो सकती है।

कमियाँ और सावधानियाँ

  • पाँच गुना उछाल: 1 लाख टोकन से लंबे प्रॉम्प्ट पर दरें पाँच गुना हो जाती हैं।
  • नया टोकनाइज़र: वही टेक्स्ट लगभग 30% ज़्यादा टोकन बना सकता है, इसलिए पुराने अनुमान दोबारा निकालें।
  • कंपनी के आँकड़े: बेंचमार्क ज़्यादातर Anthropic के हैं, और उनका नतीजा effort की सेटिंग पर बहुत निर्भर करता है।
  • मेरे टेस्ट की सीमा: हर सवाल एक बार चला, सवाल सिर्फ़ 5 थे, और टेस्ट 5 में Sonnet को memory का फ़ायदा मिला।
  • हिंदी में अंग्रेज़ी शब्द: 5% की सीमा माँगने पर भी दोनों मॉडल की हिंदी में अंग्रेज़ी शब्द काफ़ी रहे।
  • ताज़ा जानकारी: टेस्ट 4 दिखाता है कि वेब सर्च के बाद भी जवाब पुरानी खबरों पर टिक सकता है।

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल

क्या Claude Haiku 5.5 फ्री है?

ऊपर दी कीमतें API की हैं। Anthropic के Haiku पेज के मुताबिक Haiku 5.5 Claude ऐप में Free, Pro, Max, Team और Enterprise प्लान में वेब, iOS और Android पर मिलता है। मेरे ऐप की मॉडल लिस्ट में भी यह बिना Pro या Max के निशान के दिखा। पर इस्तेमाल की सीमा क्या होगी, यह मैंने नहीं जाँचा, और वह बदलती रहती है।

Haiku 5.5, Haiku 4.5 से कितना सस्ता है?

1 लाख टोकन तक के प्रॉम्प्ट पर इनपुट और आउटपुट दोनों की कीमत 90% कम है। नए टोकनाइज़र को जोड़कर Anthropic औसतन करीब 75% कम खर्च बताता है।

Haiku 5.5 की context window कितनी है?

10 लाख (1M) टोकन, और अधिकतम आउटपुट 1.28 लाख (128K) टोकन। आउटपुट की सीमा Haiku 4.5 में 64K थी।

क्या Haiku 5.5, Sonnet 5.5 की जगह ले सकता है?

साधारण और बार-बार होने वाले कामों में हाँ, लागत बचाने के लिए। पर Anthropic जटिल कोडिंग के लिए Sonnet 5.5 और Opus 5.5 को ही बेहतर बताता है, और मेरे टेस्ट में हिंदी लिखने में Sonnet थोड़ा आगे रहा।

Haiku 5.5 और GPT-6 Luna में क्या फ़र्क है?

VentureBeat के मुताबिक Luna की कीमत भी $0.10 और $0.50 है। Anthropic के अपने बेंचमार्क में Haiku 5.5, OSWorld 2.1 पर 72.4% बनाम 48.9% और Terminal-Bench 4.0 पर 39.2% बनाम 16.4% रहा। ये कंपनी के आँकड़े हैं और मैंने Luna का टेस्ट नहीं किया।

Haiku 5.5 का API मॉडल ID क्या है?

claude-haiku-5-5। यह Claude Platform, Amazon Web Services, Google Cloud और Microsoft Azure पर उपलब्ध बताया गया है।

मेरा निष्कर्ष

5 टेस्ट के बाद मेरी राय यह है: Haiku 5.5 साधारण, बार-बार होने वाले काम के लिए सस्ता और भरोसेमंद विकल्प लगता है। हिसाब सही रहा, झूठा नाम नहीं गढ़ा, और कीमत बहुत कम है।

एक लाइन में

रोज़ के साधारण और बड़े पैमाने के कामों में Haiku 5.5 सस्ता और काफ़ी है। साफ़ हिंदी लिखने, सलाह लेने और जटिल कोडिंग में Sonnet 5.5 अब भी आगे लगा।

एक ही सवाल, एक बार चलाने से पक्का फैसला नहीं होता। अपने असली काम का एक सवाल दोनों पर चलाकर खुद देख लीजिए, फिर तय कीजिए।

अपडेट की बात: यह लेख 9 अक्टूबर 2026 तक की जानकारी पर है। कीमत, सीमा या सुविधा बदली मिले तो आधिकारिक पेज को ही सही मानिए।

ये भी पढ़ें

AI से इमेज बनाने में दिलचस्पी हो तो मेरा दूसरा असली टेस्ट देखिए: Nano Banana 2.1 का असली टेस्ट। उसमें 10 अलग तरह के इमेज बनाने और एडिट करने वाले टेस्ट हैं।

आधिकारिक संदर्भ

Anthropic — Claude Haiku 5.5 की घोषणा (7 अक्टूबर 2026):
https://www.anthropic.com/claude-haiku-5-5

Anthropic — Claude Haiku का प्रोडक्ट पेज (प्लान और उपलब्धता):
https://www.anthropic.com/claude/haiku

Claude Platform Docs — Haiku 5.5 में क्या नया है:
https://platform.claude.com/docs/en/models/haiku-5-5/whats-new-haiku-5-5

Claude Platform Docs — मॉडल ओवरव्यू:
https://platform.claude.com/docs/en/about-claude/models/overview

Claude Platform Docs — कीमतें:
https://platform.claude.com/docs/en/about-claude/pricing

VentureBeat — Haiku 5.5 की कीमत और तुलना (7 अक्टूबर 2026):
https://venturebeat.com/technology/anthropic-launches-claude-haiku-5-5-with-90-api-price-reduction-matching-gpt-6-luna

About the author

Ketan Patadiya
Ketan Patadiya is the founder and technology writer behind Tech With Ketan, an independent technology website covering Android, Google apps, AI tools, cybersecurity awareness, tutorials, and practical digital security. He focuses on explaining techn…

Post a Comment